गौहर अनवर संवाददाता
पाकिस्तान की चौतरफा घेराबंदी शुरू, भारत सरकार ने कई तरह के प्रतिबंध लगाये
पाकिस्तान से सभी तरह के आयात पर तत्काल प्रभाव से रोक, डाक और पार्सल सेवाएं भी बंद, पाकिस्तानी झंडे वाले जहाजों को भारतीय जल सीमा में प्रवेश प्रतिबंधित
नई दिल्ली। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान को चौतरफा घेरना शुरू कर दिया है, जिसके चलते भारत सरकार ने पाकिस्तान की कमर तोड़ने के लिए उसके ऊपर कई तरह के प्रतिबंध लगाये हैं, पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान पर कड़ा रुख अपनाते हुए पाकिस्तान से सभी तरह के आयात पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है, साथ ही डाक और पार्सल सेवाओं को भी बंद कर दिया है। इसके अतिरिक्त, पाकिस्तानी झंडे वाले जहाजों को भारतीय जल सीमा में प्रवेश करने से प्रतिबंधित कर दिया गया है। भारत सरकार ने पाकिस्तान से इंपोर्ट पर बैन लगा कर चोट की है। यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार बढ़ रहे तनाव की वजह से भारत से पाकिस्तान में होने वाली कत्थे की सप्लाई रुक गई है। कारोबारियों के मुताबिक, दिल्ली से बड़ी मात्रा में कत्था पाकिस्तान सप्लाई किया जाता है।व्यापारी संगठन सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल का कहना है कि 2024 में भारत-पाक के बीच 10 हजार करोड़ रुपये का बिजनेस हुआ। पाकिस्तान को भारत और दिल्ली के व्यापारी कॉटन, कैमिकल, फूड प्रोडक्ट्स, सब्जियां, फल, प्लास्टिक प्रोडक्ट्स, कॉफी, चाय, मसाले, रंग, तिलहन, डेयरी उत्पाद, फार्मास्युटिकल, दवाइयां, कपड़ा और मोटर पार्ट्स एक्सपोर्ट करते है। वहीं, पाकिस्तान से भारत में फल, नमक, ऊनी सामान, कैमिकल, कपास और कपड़ा आते हैं। सीटीआई ने सरकार द्वारा पाकिस्तान से आयात पर लगाए प्रतिबंध का स्वागत किया है। भारत ने शनिवार को पाकिस्तान को एक के बाद एक कई झटके दिए। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने तुरंत प्रभाव से पाकिस्तान से सभी सामान के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात पर बैन लगा दिया है। अब किसी तीसरे देश के जरिए भी पाकिस्तान का सामान भारत नहीं आ पाएगा। राष्ट्रीय सुरक्षा के चलते यह बैन लगाया गया। पाकिस्तान से सभी तरह के डाक और पार्सल आने-जाने को भी बंद कर दिया गया है। न तो पार्सल हवाई रास्ते से आएंगे और न ही सड़क के रास्ते। एक और कड़ा कदम उठाते हुए भारत ने पाकिस्तान के झंडे वाले सभी जहाजों की भारत में एंट्री बैन कर दी है। साथ ही यह भी फैसला लिया कि भारत का भी कोई जहाज पाकिस्तान के बंदरगाहों पर नहीं जाएगा। एक बयान में कहा गया कि भारत की संपत्तियों, कार्गो और बुनियादी ढांचे की सुरक्षा के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है।