सिटीजन वॉइस के अध्यक्ष प्रशान्त कौशिक के नेतृत्व में सिटीजन वॉइस के सदस्यों ने युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और नशे के पदार्थों की आसानी से उपलब्धता के विरोध में आज एसएसपी मेरठ कार्यलय में उपस्थित अधिकारी को दस सूत्रीय सुझाव पत्र सौंपा। संस्था अध्यक्ष प्रशान्त कौशिक ने कहा कि जिस तरह से युवा पीढ़ी में विभिन्न तरीकों से नशा करने का चलन बढ़ा है वह काफी खतरनाक है, साथ ही रेव पार्टी, हुक्का बार के संचालित होने के समाचार भी अखबारों में प्रकाशित होते रहते हैं, जो लगातार युवा पीढ़ी को टारगेट करते हैं, इसलिए जरूरी है कि नशे के अवैध कारोबार करने वालों की धरपकड़ की जाए और उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रशान्त कौशिक ने कहा कि नशा, अपराधिक घटनाओं को बढ़ाने का भी मुख्य कारण माना जाता है, इसलिए इन पर रोकथाम की जानी बहुत ही आवश्यक है। ब्रह्मपुरी में घटित घटना ने जहां सभ्य समाज के माथे पर चिंता की लकीरें बढ़ा दी है, वहीं इससे यह भी पता चलता है कि तंत्र-मंत्र और नशे के लिए चरस, गांजा या अन्य पदार्थ समाज में जड़े लगातार जमा रहे है, इसलिए इन पर अंकुश लगाने के लिए प्रत्येक थानाध्यक्ष को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाने की बेहद आवश्यकता है। इस अवसर पर प्रशान्त कौशिक, डॉ. प्रेम कुमार शर्मा, पंडित अश्वनी कौशिक, सीमा शर्मा, जगमोहन शाकाल, सरदार राजबीर सिंह, सौरभ दिवाकर शर्मा, पुनीत शर्मा, रोहित शर्मा, आदित्य शर्मा, गौरव यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
एसएसपी कार्यालय में को दिया गया सुझाव पत्र इस प्रकार है…
प्रतिष्ठा में,
आदरणीय एसएसपी महोदय मेरठ।
विषय… युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति की रोकथाम के लिए उन्हें आसानी से उपलब्ध नशे के पदार्थों पर पूर्णतया लगे प्रतिबंध।
महोदय,
युवा पीढ़ी में जिस तरह से नशे की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है, वह बहुत ही चिंताजनक है, साथ ही नशा करने के विभिन्न पदार्थों का आसानी से उपलब्ध होना भी बहुत ही ज्यादा गम्भीर विषय है। इस सन्दर्भ में सिटीजन वॉइस के सदस्यों के द्वारा इस सुझाव पत्र के माध्यम से आपके सम्मुख कुछ सुझाव प्रस्तुत किए जा रहे हैं। इनमें मुख्य रूप से यह सुझाव है….
1. युवा पीढ़ी में नशे की प्रवृत्ति पर रोकथाम करने के लिए कानूनी प्रावधानों का प्रभावी उपयोग किया जाए।
2. नशे के प्रतिबंधित पदार्थों को अवैध रूप से बेचने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
3. स्कूल, कॉलेजों के आसपास विशेष रूप से निगरानी तंत्र स्थापित किया जाए, जिससे स्कूल, कॉलेजों के आसपास इस तरह के पदार्थ किसी भी तरह से बिकने ना पाए।
4. नागरिक समितियों के साथ प्रशासन को मिल कर स्कूल, कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाए जाने चाहिए और युवा पीढ़ी को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारियां देनी चाहिए।
5. ऐसा प्रायः सुना जाता है कि सड़क किनारे लगने वाले खोखों और छोटी दुकानों पर भी कई जगह नशे के पदार्थों की उपलब्धता है या वह नशा करने के लिए जगह उपलब्ध कराते हैं, इस तरह के स्थानों की पहचान कर उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
6. नशे के अवैध कारोबार करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
7. युवा पीढ़ी देश का भविष्य होने के साथ देश की उन्नति, प्रगति के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण पीढ़ी है, इसलिए उन्हें नशे से दूर रखने के लिए जो भी सामाजिक और कानूनी पहलुओं का उपयोग किया जा सकता है, उस सबके लिए कार्य अवश्य करना चाहिए।
8.जो दवाइयां चिकित्सक के पर्चों पर लिखी देख कर दी जाती है, उसके सन्दर्भ में भी नियमों को बेहतर करने की आवश्यकता वर्तमान में घटित घटना के बाद हो गई है। इस पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है।
9. अवैध रुप से बिकते चरस, गांजा और अन्य नशे के पदार्थों की धरपकड़ के लिए स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया जाए।
10. साथ ही शहर के अंदरुनी चौराहों पर जाम की स्थिति बड़ी गम्भीर है। लगभग रोजाना ही शहर जाम की समस्या से जुझता दिखाई देता है। इस सन्दर्भ में व्यापक रणनीति बना कर शहर को जाम मुक्त करने के लिए कार्य निरन्तर करते रहना चाहिए।
यह कुछ ऐसे मुख्य सुझाव है कि अगर इन पर कार्य किया जाए, तो नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने में सफलता भी मिलेगी, साथ ही नशे के कारोबार में लगे असमाजिक तत्वों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। विश्वास है कि आप इस सुझाव पत्र में सुझाए गए सुझावों पर ध्यान अवश्य देंगे। युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए सिटीजन वॉइस के सभी सदस्य आपके साथ हर क्षण पूर्ण सहयोग करने के लिए तैयार है। नशे के विरुद्ध चाहे जागरूकता अभियान चलाने की बात हो या स्कूल, कॉलेजों में सेमिनार आयोजित करने की बात हो, सिटीजन वॉइस के द्वारा लगातार इस पर कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर प्रशान्त कौशिक, डॉ. प्रेम कुमार शर्मा, पंडित अश्वनी कौशिक, सीमा शर्मा, जगमोहन शाकाल, सरदार राजबीर सिंह, सौरभ दिवाकर शर्मा, पुनीत शर्मा, रोहित शर्मा, आदित्य शर्मा, गौरव यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे।